ओडिशा एफसी के खिलाफ धमाकेदार जीत के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंची जमशेदपुर एफसी

 

मंगलवार को वास्को डी गामा के तिलक मैदान स्टेडियम पर खेले गए हीरो आईएसएल 2021-22 के 29वें मुक़ाबले में जमशेदपुर एफसी ने ओडिशा एफसी को 4-0 से हरा दिया। ये इस सीजन का पहला मैच है, जिसमें जमशेदपुर एफसी क्लीन शीट रखने में कामयाब रही। जमशेदपुर एफसी की ओर से कप्तान पीटर हार्टले ने पहला गोल किया, उसके बाद ग्रेग स्टीवर्ट ने एक के बाद एक तीन गोल कर टीम को 4-0 से आगे कर दिया। दूसरी ओर ओडिशा एफसी एक गोल करने के लिए तरसती रही। ये आईएसएल 2021-22 में मेन ऑफ स्टील की तीसरी जीत है। इस जीत के साथ जमशेदपुर एफसी अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। इस मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले ग्रेग स्टीवर्ट को हीरो ऑफ द मैच के खिताब से नवाज़ा गया।

4-2-3-1 के कंबिनेशन के साथ मैदान पर उतरी जमशेदपुर ने पहले ही मिनट ने आक्रामक फुटबॉल खेलना शुरु किया और तीसरे मिनट में कप्तान ने गोल कर टीम को बढ़त दिला दी। ग्रेग स्टीवर्ट से मिले कॉर्नर को कप्तान ने शानदार हेडर के जरिए गेंद को गोल पोस्ट में डाल दिया। अभी इस गोल का जश्न जमशेदपुर एफसी के फैंस मना ही रहे थे, जबतक ग्रेग स्टीवर्ट ने 4वें मिनट में एक और गोल कर टीम को दोगुनी बढ़त दिला दी। दो गोल से आगे होने के बाद जमशेदपुर के खिलाड़ी और आक्रामक हो गए, दूसरी ओर ओडिशा एफसी की टीम हताश नज़र आ रही थी। 20वें मिनट में ग्रेग स्टीवर्ट ने फिर कमाल किया और मैच का अपना दूसरा गोल दाग दिया।

ये गोल ग्रेग स्टीवर्ट के करियर का 100वां गोल था। उन्हें बॉक्स के बाहर से एक फ्री किक मिला। नेरिजस वाल्स्किस और ग्रेग स्टीवर्ट इसके पीछे खड़े थे। रेफरी ने खिलाड़ियों को सेट-पीस लेने के लिए सीटी बजाया। ग्रेग स्टीवर्ट ने गेंद पर अपने बाएं पैर से गोल पोस्ट के कोने में शॉट लगाया, जो खिलाड़ियों और गोलकीपर को भेदते हुए सीधा गोल पोस्ट में चली गई। इस गोल के बाद जमशेदपुर एफसी 3-0 से आगे हो गई। इसके बाद ओडिशा एफसी लगातार वापसी की कोशिश करती रही लेकिन उनकी कुछ गलतियां और जमशेदपुर की डिफेंस से ऐसा हो नहीं पाया। 35वें मिनट में ग्रेग स्टीवर्ट का फिर से जादू चला और उन्होंने हैट्रिक लगा दी।

इस गोल की मदद से जमशेदपुर एफसी 4-0 से आगे हो गई। इसके बाद पहले हाफ में कोई गोल नहीं हो सका और 4-0 के साथ पहला हाफ खत्म हुआ। दूसरे हाफ का खेल शुरु हुआ तो ओडिशा ने तीन बदलाव कर दिए, जबकि हमारी टीम की ओर से प्रणय हलदर को मैदान पर उतारा गया। 53वें मिनट में पीटर हार्टले को येल्लो कार्ड दिया गया, थोड़ी देर बाद 60वें मिनट में सेमिनलेन डौंगेल को भी येल्लो कार्ड मिला। 65 मिनट में जमशेदपुर एफसी ने अपनी बढ़त को बढ़ाने के इरादे से दो और बदलवा किया और जॉर्डन मरे और बोरिस सिंह को मैदान पर उतारा। आखिरी के पलों में दोनों टीम ने कई मौके बनाए लेकिन गोल किसी भी टीम की ओर से नहीं हो पाया। रेफरी की सीटी बजी और जमशेदपुर एफसी के शानदार जीत की घोषणा हो गई।

ये जमशेदपुर एफसी की इस सीजन की तीसरी जीत है। अब 6 मैचों में तीन जीत दो ड्रॉ और एक हार के साथ मेन ऑफ स्टील के खाते में 11 अंक हो गए हैं और वो अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। अब जमशेदपुर एफसी का अगला मैच 20 दिसंबर को एथलेटिक स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां उनका सामना बेंगलुरु एफसी से होगा।