Indian Super League 2021-22 के प्ले-ऑफ में जगह बनाने के इरादे से जमशेदपुर एफसी ने डेनियल चीमा के साथ किया करार

 

15 जनवरी 2022

जमशेदपुर, झारखंड

जमशेदपुर एफसी ने इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के बचे हुए सत्र के लिए नाइजीरियाई फॉरवर्ड डेनियल चीमा चुकवु के साथ करार किया। चीमा अपने पेशेवर फुटबॉल करियर में कुल 273 मैच खेल चुके हैं, जहां उन्होंने 93 गोल किए हैं और 44 असिस्ट भी उनके नाम दर्ज है. जमशेदपुर एफसी के लिए चीमा 99 नंबर की जर्सी में मैदान पर उतरेंगे।

जमशेदपुर एफसी के लिए कागजातों पर हस्ताक्षर करने के दौरान 30 वर्षीय चीमा ने कहा, “मैं जमशेदपुर एफसी जैसे प्रतिष्ठित क्लब के लिए हस्ताक्षर करके खुश और सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैं वास्तव में खुश हूं कि क्लब ने मेरी क्षमता को देखा और कोच और मैनेजमेंट ने मुझ पर विश्वास किया। मैं टीम को उनके लक्ष्य तक पहुंचने में मदद करने और जमशेदपुर के प्रशंसकों के लिए गौरव और मुस्कान लाने के लिए पूरी कोशिश करूंगा। ”

चीमा ने नॉर्वेजियन हैवीवेट मोल्डे एफके को तीन लीग खिताब दिलाने में मदद की है और 2010 से 2015 के बीच क्लब के साथ अपने पहले कार्यकाल के दौरान दो नॉर्वेजियन कप खिताब दिलाया है। नाइजीरियाई ने अपने तीन लीग खिताबों में से दो खिताब मैनचेस्टर यूनाइटेड के पूर्व मैनेजर ओले गुन्नार सोलस्कजोर के साथ जीता, जो 2011-2014 तक मोल्डे के कोच थे।

जमशेदपुर एफसी के मुख्य कोच ओवेन कोयल चीमा के टीम के साथ जुड़ने से खुश है, उन्होंने कहा, “चीमा एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं वो जानते हैं कि टीम का हिस्सा बनना कितना महत्वपूर्ण है। वह एक चैंपियन खिलाड़ी हैं जो हमारे स्ट्राइकर्स की मदद करेंगे। वह मेरे टारगेट में थे और हम उन्हें सीजन के महत्वपूर्ण समय में जमशेदपुर एफसी में लाकर खुश हैं और हम उनके साथ काम करने के लिए उत्सुक हैं। ”

मोल्डे के अलावा, चीमा लेगिया वारसॉ के लिए भी खेल चुके हैं जिसके लिए वो UEFA यूरोपा लीग और UEFA चैंपियंस लीग में भी खेल चुके हैं। शंघाई शेनक्सिन, हेइलोंगजियांग लावा स्प्रिंग और ताइज़ो युआंडा के लिए खेलते हुए उन्होंने चीन में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है।

जमशेदपुर एफसी में शामिल होने से पहले चीमा ने 2021-22 सीज़न में एससी ईस्ट बंगाल के लिए हस्ताक्षर किया था। ट्रेनिंग के लिए ओवेन कोयल की टीम में शामिल होने से पहले नाइजीरियन लीग के प्रोटोकॉल के अनुसार अपने अनिवार्य क्वारनटाइन में रहेंगे, उसके बाद वो टीम के साथ ट्रेनिंग कर पाएंगे.

Your Comments